Home मऊ नीट परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, निष्पक्ष एवं...

नीट परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के दिए निर्देश

0 परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में कराएं संपन्न

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में आगामी नीट परीक्षा-2026 की तैयारियों के संबंध में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान नीट परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.के. त्रिपाठी ने परीक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी, भारत सरकार द्वारा आयोजित नीट परीक्षा दिनांक 21 जून 2026 को अपराह्न 2:00 बजे से 5:00 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 6205 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन एवं प्रभावी निगरानी हेतु प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात, विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार 15 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा, ताकि उन्हें परीक्षा देने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा अन्य व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए तथा परीक्षा संचालन में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here