Home मऊ सीएम के कार्यक्रम स्थल का कमिश्नर और डीआईजी ने किया निरीक्षण

सीएम के कार्यक्रम स्थल का कमिश्नर और डीआईजी ने किया निरीक्षण

मऊ। जनपद के मधुबन नगर पंचायत के गांधी मैदान में आगामी 29 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य कर दी है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए पूरे मधुबन क्षेत्र को छावनी में तब्दील करने की तैयारी चल रही है। बुधवार की शाम कार्यक्रम स्थल, सभा मंच और हेलीपैड का निरीक्षण करने मंडलायुक्त विवेक, डीआईजी सुनील सिंह, जिलाधिकारी आनंद वर्धन और एसपी कमलेश बहादुर ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत को परखा। अधिकारियों ने कार्यक्रम में आने वाली जनता के लिए पेयजल, छांव, बैठने की उचित व्यवस्था और साफ-सफाई के संबंध में मातहतों से विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल गांधी मैदान और उसके आस-पास के इलाकों में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी सभी संवेदनशील जगहों और प्रमुख चौराहों पर तैनात किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में आने-जाने वाले सभी संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। महत्वपूर्ण निरीक्षण और सुरक्षा समीक्षा के अवसर पर मुख्य रूप से एसडीएम सत्यप्रकाश, सीओ अंजनी कुमार पांडेय, एसएचओ कृष्ण कुमार गुप्ता समेत अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here