Home मऊ सीएम के संभावित भ्रमण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा...

सीएम के संभावित भ्रमण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित कार्यक्रम प्रशासनिक हरकत बढ़ी

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्धन की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में सीएम योगी आदित्यनाथ के संभावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों के साथ आवश्यक समीक्षा बैठक किया। बैठक में कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने हेलीपैड स्थल, जनसभा स्थल, बैरिकेडिंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अत्यधिक गर्मी को देखते हुए जनसभा स्थल पर आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल, छायादार स्थान तथा प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि हेलीपैड स्थल एवं जनसभा स्थल पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कार्यक्रम स्थल के आसपास स्वच्छता बनाए रखने हेतु पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टेंट, मंच एवं हेलीपैड निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के बेहतर एवं प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं वीआईपी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा सुरक्षा संबंधी सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी मुख्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here