Home मऊ मधुबन के कटघराशंकर तिराहे पर वर्षों से रोड पर लग रहा सब्जी...

मधुबन के कटघराशंकर तिराहे पर वर्षों से रोड पर लग रहा सब्जी बाजार, 35 गांवों के किसानों की है जीविका का सहारा, स्थाई मंडी न होने से किसान परेशान

मऊ।  मधुबन तहसील का कटघराशंकर तिराहा वर्षों से क्षेत्र के किसानों और सब्जी विक्रेताओं के लिए रोजी-रोटी का केंद्र बना हुआ है। यहां हर दिन सुबह से शाम तक रोड पर ही सब्जी बाजार लगता है। इस बाजार पर 30 से 35 गांवों के छोटे किसानों का जीविकोपार्जन टिका हुआ है। किसान अपनी खेतों में उगाई गई ताजी सब्जियां लाकर यहां बेचते हैं और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। लेकिन आज तक मधुबन में एक स्थाई सब्जी मंडी का निर्माण नहीं हो सका, जिसके कारण किसानों को खुले रोड पर ही बाजार लगाना पड़ता है।

अब प्रशासन द्वारा इस रोड पर लगने वाले बाजार को हटाने की सुगबुगाहट शुरू हुई है, जिससे किसानों और दुकानदारों में भारी आक्रोश है।

0 35 गांवों के किसानों का पेट भरता है यह बाजार…
स्थानीय किसानों ने बताया कि कटघराशंकर तिराहा मधुबन का सबसे प्रमुख चौराहा है, जहां से मऊ, बलिया और देवरिया की ओर रास्ता जाता है। यहां फतहपुर, लखनौर, मर्यादपुर, डुमरी, कटघरा, शंकरपुर, महुवी, दुबारी,सुवाह, भठिया,टमठा समेत 30 से 35 गांवों के किसान प्रतिदिन अपनी सब्जियां लेकर आते हैं। भिंडी, परवल, लौकी, नेनुआ, टमाटर, बैंगन, गोभी, पालक जैसी ताजी सब्जियां यहां सस्ते दामों पर मिलती हैं। दूर-दूर से लोग यहां सब्जी खरीदने आते हैं।

किसानों का कहना है कि यदि यह बाजार यहां से हट गया तो उनकी सब्जियां खेत में ही सड़ जाएंगी। छोटे किसानों के पास कोल्ड स्टोरेज या मंडी तक ले जाने की सुविधा नहीं है। यही एक बाजार है जो उनके घर के पास है।

0- स्थाई सब्जी मंडी की मांग वर्षों पुरानी…
ग्रामीणों का कहना है कि मधुबन नगर पंचायत में आज तक एक स्थाई सब्जी मंडी नहीं बनाई गई। कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की गई कि कटघराशंकर या आसपास किसी सरकारी जमीन पर स्थाई मंडी बना दी जाए, जहां किसानों को शेड, पानी और शौचालय की सुविधा मिल सके। लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला।

किसानों का कहना है कि जब नगर पंचायत में स्थाई मंडी नहीं है तो हम कहां जाएं? मजबूरी में रोड पर बेचना पड़ता है। प्रशासन को पहले मंडी की व्यवस्था करनी चाहिए, उसके बाद बाजार हटाने की बात करनी चाहिए।

0 हटाने की चर्चा से आक्रोश…
पिछले कुछ दिनों से चर्चा है कि जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन रोड पर लगने वाले इस सब्जी बाजार को हटाने की तैयारी में है। पुलिस द्वारा दुकानदारों को चेतावनी भी दी गई है। इसके बाद से किसानों और दुकानदारों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि जाम की समस्या सब्जी बाजार से नहीं, बल्कि अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों से है।

दुकानदारों ने कहा कि हम गरीब आदमी हैं, रोज कमाते हैं रोज खाते हैं। अगर यहां से हटा दिया गया तो हमारा परिवार भूखों मर जाएगा। प्रशासन हम गरीबों पर कार्रवाई करने के बजाय बड़ी दुकानों का अतिक्रमण हटाए।

0 किसानों ने की यह मांग…
कटघराशंकर तिराहे के किसान और दुकानदारों ने जिला प्रशासन और नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि जब तक स्थाई सब्जी मंडी की व्यवस्था नहीं होती, तब तक उन्हें यहीं पर व्यवस्थित तरीके से बाजार लगाने दिया जाए। साथ ही जल्द से जल्द मधुबन में एक स्थाई सब्जी मंडी का निर्माण कराया जाए, ताकि 35 गांवों के किसानों को स्थाई ठिकाना मिल सके और रोड पर जाम की समस्या भी खत्म हो सके।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here