Home मऊ ककराडीह में विभाग की लापरवाही ने ली जान, लटके हाई टेंशन तार...

ककराडीह में विभाग की लापरवाही ने ली जान, लटके हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 55 वर्षीय सुग्रीव साहनी की दर्दनाक मौत, परिजनों में कोहराम

मऊ। जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के ककराडीह गांव में बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते एक 55 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। दो दिन पूर्व आई आंधी-बारिश के दौरान गांव में नीचे लटके हाई टेंशन तार की चपेट में आने से सुग्रीव साहनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश आई थी। इस दौरान ककराडीह गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए संचालित हाई टेंशन तार टूटकर नीचे लटक गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी सूचना उसी दिन बिजली विभाग के अधिकारियों और लाइनमैन को दे दी गई थी। ग्रामीणों ने कई बार फोन कर तार को ठीक करने की गुहार लगाई, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी विभाग संवेदनहीन बना रहा और तार को ठीक करने कोई नहीं आया।
ग्रामीणों रामप्रवेश साहनी और हरिमोहन निषाद ने बताया कि लटका हुआ तार जमीन से कुछ ही फीट ऊपर था और उसमें लगातार करंट दौड़ रहा था। बच्चों और ग्रामीणों के लिए यह खतरा बना हुआ था।
आज सायं मृतक सुग्रीव साहनी मधुबन बाजार से अपने घर ककराडीह लौट रहा था। शाम का समय था और हल्का अंधेरा हो गया था। गांव के पास पहुंचते ही अचानक उसका सिर नीचे लटके करंट प्रभावित हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि सुग्रीव वहीं पर बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते और उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि विभाग की लापरवाही से की गई हत्या है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषी लाइनमैन और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बिजली विभाग से भी इस संबंध में जानकारी ली जाएगी और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। आए दिन जर्जर और लटकते तारों से हो रही मौतों के बावजूद विभाग चेतने को तैयार नहीं है।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here