Home मऊ धूस के 13 विस्थापित परिवारों को मिला सहारा, मोलनापुर विद्यालय में भोजन...

धूस के 13 विस्थापित परिवारों को मिला सहारा, मोलनापुर विद्यालय में भोजन पैकेट और दवाओं का वितरण

मऊ। घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण मधुबन तहसील क्षेत्र के दुबारी ग्राम पंचायत स्थित धूस पुरवा से विस्थापित कर मोलनापुर विद्यालय में ठहराए गए 13 परिवारों के लिए प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है। शनिवार को तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने शरणालय में रह रहे सभी परिवारों को राहत सामग्री और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।

तहसीलदार अशोक कुमार कुशवाहा की मौजूदगी में सभी 13 परिवारों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए। प्रशासन ने सुनिश्चित किया कि किसी भी विस्थापित परिवार को भूखा न रहना पड़े। तहसीलदार ने खुद प्रत्येक परिवार से मिलकर उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि जब तक बाढ़ का पानी नहीं उतर जाता, तब तक उनकी पूरी देखभाल प्रशासन करेगा।

वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार पांडेय के निर्देशन में डॉक्टरों की एक टीम मोलनापुर विद्यालय पहुंची। टीम में डॉ. नरेंद्र कुमार गौतम सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे। चिकित्सकों ने शरणालय में रह रहे सभी आश्रयदाताओं का बारी-बारी से चिकित्सीय परीक्षण किया।

बाढ़ के कारण होने वाली सर्दी, जुकाम, बुखार, त्वचा रोग और दस्त जैसी बीमारियों को देखते हुए सभी का स्वास्थ्य जांच की गई। बच्चों और बुजुर्गों की विशेष जांच की गई। परीक्षण के बाद आवश्यकतानुसार सभी को दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही लोगों को साफ पानी पीने और मच्छरों से बचाव के लिए जागरूक किया गया।

डॉ. राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। मोलनापुर विद्यालय में तैनात किए गए परिवारों के लिए नियमित रूप से मेडिकल टीम भेजी जाएगी।

इस अवसर पर कानूनगो योगेंद्र यादव, लेखपाल शरद यादव सहित कई राजस्व कर्मी मौजूद रहे। राजस्व टीम ने विस्थापित परिवारों की सूची का सत्यापन किया और उनकी अन्य जरूरतों को नोट किया।

उल्लेखनीय है कि घाघरा के बढ़ते जलस्तर के कारण धूस पुरवा में पानी घुस गया था, जिसके बाद एसडीएम दीपक सिंह के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने 13 परिवारों को सुरक्षित निकालकर मोलनापुर स्थित विद्यालय में ठहराया था। इन परिवारों में छतरपाल, रामशब्द, विनय, राजेश, राजकुमार, राजनंद, राज, शंकरदयाल, सुखनलाल, रामदहिना, कुसुम, प्रमिला और चंदा के परिवार शामिल हैं, जिनमें कुल 40 से अधिक सदस्य हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here