Home मऊ  7 वर्षीय समरा नाज ने लगाई डीएम से सड़क बनवाने की गुहार,...

 7 वर्षीय समरा नाज ने लगाई डीएम से सड़क बनवाने की गुहार, स्कूल जाते वक्त गिरकर लगती है चोट, ड्रेस गंदी होने पर पड़ती है डांट

मऊ। कहते हैं जब सिस्टम नहीं सुनता तो मासूम आवाज भी बड़े अधिकारियों का दिल पिघला देती है। ऐसा ही कुछ देखने को मिला मऊ कलेक्ट्रेट में, जहां 7 वर्षीय मासूम समरा नाज अपनी टूटी-फूटी सड़क की फरियाद लेकर सीधे डीएम दरबार पहुंच गई। नन्हीं बच्ची की गुहार सुनकर जिलाधिकारी भी भावुक हो गए और तत्काल सड़क बनवाने का आश्वासन दिया। जानकारी के अनुसार 7 वर्षीय समरा नाज अपने परिजनों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची थी। उसने डीएम को बताया कि उसके गांव/मोहल्ले की सड़क पूरी तरह से खराब और टूटी-फूटी है। स्कूल जाते समय वह आए दिन गिर जाती है, जिससे उसे चोट लग जाती है। समरा ने मासूमियत से बताया कि सड़क पर कीचड़ और गड्ढे होने के कारण उसकी स्कूल ड्रेस गंदी हो जाती है, जिसके कारण स्कूल में टीचर उसे डांटते हैं। खराब सड़क के कारण उसे और उसके जैसे कई बच्चों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में तो यह परेशानी और भी बढ़ जाती है।

मासूम ने हाथ जोड़कर जिलाधिकारी आनंद वर्धन से गुहार लगाई कि उसकी सड़क को जल्द से जल्द बनवा दिया जाए, ताकि वह बिना गिरे और बिना ड्रेस गंदी किए स्कूल जा सके। 7 साल की बच्ची के मुंह से इतनी बड़ी मांग सुनकर कलेक्ट्रेट में मौजूद सभी अधिकारी और कर्मचारी हैरान रह गए। नन्हीं समरा की इस हिम्मत की चर्चा पूरे कलेक्ट्रेट में होने लगी। लोगों ने उसकी हिम्मत और पढ़ाई के प्रति लगन की सराहना की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने मासूम बच्ची की बात को ध्यान से सुना और उसे भरोसा दिलाया। डीएम ने कहा कि सड़क की जांच कराई जाएगी और जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

इस संबंध में जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने कहा कि बच्ची द्वारा सड़क की शिकायत की गई है। यह मामला संज्ञान में आया है। संबंधित विभाग को निर्देशित कर सड़क की जांच कराई जाएगी और प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण कराया जाएगा, ताकि स्कूली बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।डीएम के आश्वासन के बाद समरा नाज के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कितनी जल्दी इस मासूम की गुहार पर सड़क बनवाता है।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here