Home मऊ विवादित भूमि पर स्थगन आदेश के बाद भी असलहें के बल पर...

विवादित भूमि पर स्थगन आदेश के बाद भी असलहें के बल पर जुताई कराने का आरोप

मऊ। जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी गांव में बुधवार को कोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद विवादित जमीन पर जबरन जुताई कराने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि दुबारी निवासी पुष्पा सिंह, पत्नी स्व. चन्द्रशेखर सिंह और तथाकथित इलाहाबाद निवासी भूपेश पाठक सहित 6 लोग असलहों से लैस होकर ट्रैक्टर से खेत जोतने पहुंच गए। विरोध करने पर दूसरे पक्ष के सुधीन्द्र कुमार पाण्डेय को दौड़ाकर मारने-पीटने का प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने बीच-बचाव कर जुताई रुकवाई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित सुधीन्द्र कुमार पाण्डेय निवासी टमठा दुबारी ने बताया कि विवादित जमीन उनका बैनामाशुदा खेत है। इस जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से अदालती विवाद चल रहा है। सुधीन्द्र का कहना है कि हाईकोर्ट ने इस जमीन पर यथास्थिति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की जुताई-बुवाई पर स्थगन आदेश दे रखा है।
बुधवार को अचानक पुष्पा सिंह और भूपेश पाठक अपने 4 अन्य साथियों के साथ ट्रैक्टर और असलहा लेकर खेत पर पहुंच गए। आरोप है कि बिना किसी अनुमति के वे जबरन जुताई शुरू कराने लगे। जब सुधीन्द्र ने उन्हें कोर्ट का आदेश दिखाकर रोकने की कोशिश की तो मामला बिगड़ गया। सुधीन्द्र का आरोप है कि जुताई कर रहे लोगों ने पहले गाली-गलौज शुरू की, फिर उन्हें दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए वह मौके से भागे। इसी बीच आरोपी पक्ष की महिलाओं को उकसाकर उनका वीडियो बनवाने का प्रयास भी किया गया, ताकि बाद में उन्हें ही दोषी ठहराया जा सके।
घटना के दौरान सुधीन्द्र ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल किया। कुछ ही देर में डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची गई। पुलिस को देखकर आरोपी पक्ष ने जुताई रोक दी, लेकिन तब तक खेत के एक हिस्से की जुताई हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और कागजात दिखाने के लिए कहा। मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल जुताई पर रोक लगाकर दोनों पक्षों को थाने चलने की हिदायत दी।
घटना के बाद सुधीन्द्र कुमार पाण्डेय ने मधुबन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। तहरीर में उन्होंने पुष्पा सिंह, भूपेश पाठक और 4 अन्य के खिलाफ नामजद तहरीर दिया है। आरोप लगाया है कि कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद दबंगई के बल पर जुताई कराई गई, जान से मारने की धमकी दी गई और महिलाओं के जरिए वीडियो बनवाकर फंसाने की साजिश की गई। उन्होंने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वह पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाएंगे।
मधुबन थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्त ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। कोर्ट के आदेश और जमीन के कागजात खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here