Home मऊ केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री ने मीडिया...

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री ने मीडिया से किया संवाद, गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां

0 शीघ्र ही जनपद के समस्त बस डिपो का होगा सुंदरीकरण, चलेगी इलेक्ट्रिक एवं डबल डेकर बसें:- प्रभारी मंत्री।

0 प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत हो रहा है सशक्त:- प्रभारी मंत्री।

मऊ। जनपद के प्रभारी मंत्री श्री दया शंकर सिंह द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास, विश्वास एवं जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से प्रारम्भ हुई यह यात्रा केवल शासन परिवर्तन नहीं, बल्कि कार्यसंस्कृति, विकास की सोच और जनसेवा के दृष्टिकोण में व्यापक बदलाव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, पारदर्शिता, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां प्राप्त की हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास व्यक्त किया, वर्ष 2019 में और अधिक बहुमत देकर उस विश्वास को मजबूत किया तथा वर्ष 2024 में लगातार तीसरी बार उन्हें देश की बागडोर सौंपकर यह स्पष्ट संदेश दिया कि देश की जनता विकास, सुशासन और परिणाम आधारित राजनीति में विश्वास रखती है। प्रधानमंत्री मोदी ने तीसरी बार शपथ लेने के बाद सर्वप्रथम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि गरीब, किसान, युवा और महिलाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि मोदी सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से करोड़ों लाभार्थियों के खातों में सीधे धनराशि भेजी गई तथा लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाकर लगभग ₹4.31 लाख करोड़ की धनराशि की बचत की गई। सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
गरीब कल्याण की चर्चा करते हुए उन्होंने ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के हैं। कोरोना महामारी जैसे कठिन समय में भी 81 करोड़ से अधिक देशवासियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया है तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता की नई क्रांति लाई गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। मुद्रा योजना के तहत करोड़ों युवाओं और छोटे उद्यमियों को बिना गारंटी ऋण देकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया गया है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक एवं तकनीकी सहायता प्रदान की जा रही है।
किसानों के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 11 करोड़ से अधिक किसानों को ₹4.3 लाख करोड़ से अधिक की धनराशि सीधे उनके खातों में भेजी जा चुकी है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से किसानों को सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया गया है तथा कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना संचालित की जा रही है। “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” अभियान के अंतर्गत लाखों हेक्टेयर भूमि को सूक्ष्म सिंचाई से जोड़ा गया है, जिससे किसानों की आय बढ़ी है और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।
महिला सशक्तिकरण को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा गया कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत करोड़ों बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सुरक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश में महिला सशक्तिकरण का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क वर्ष 2014 के लगभग 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गया है। देश में प्रतिदिन बनने वाले राजमार्गों की गति तीन गुना से अधिक बढ़ी है। चेनाब रेल पुल, अटल टनल, नया पंबन ब्रिज जैसी परियोजनाओं ने भारत की इंजीनियरिंग क्षमता को वैश्विक पहचान दिलाई है।
रेलवे क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं। भारतीय रेलवे का लगभग संपूर्ण ब्रॉडगेज नेटवर्क विद्युतीकृत किया जा चुका है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन ने रेल यात्रा को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया है।
शहरी परिवहन के क्षेत्र में देश का मेट्रो नेटवर्क तेजी से विस्तारित हुआ है और अब 26 से अधिक शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं। हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए उड़ान योजना के अंतर्गत छोटे शहरों को भी हवाई सेवा से जोड़ा गया है। वर्ष 2014 के बाद 90 से अधिक नए हवाई अड्डों का विकास किया गया है और आज देश में कुल हवाई अड्डों की संख्या 164 से अधिक हो चुकी है।
डिजिटल इंडिया अभियान की चर्चा करते हुए बताया कि भारतनेट परियोजना के माध्यम से लाखों ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड इंटरनेट से जोड़ा गया है। डिजिटल सेवाओं के विस्तार से शासन में पारदर्शिता बढ़ी है तथा नागरिकों को घर बैठे विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।
स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा नए एम्स, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना की गई है। मिशन इंद्रधनुष के माध्यम से करोड़ों बच्चों का टीकाकरण कर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान की गई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय में वक्ताओं ने कहा कि आज भारत की सीमाएं पहले से अधिक सुरक्षित हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी निर्णायक कार्रवाइयों ने यह सिद्ध किया है कि नया भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के प्रति पूरी तरह सजग और सक्षम है। नक्सलवाद और आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास के साथ-साथ सरकार ने भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय गौरव और ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के सम्मान को भी प्राथमिकता दी है। कर्तव्य पथ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, पंचतीर्थ तथा जनजातीय गौरव दिवस जैसी पहलें देश की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाली सिद्ध हुई हैं। “हर घर तिरंगा”, “एक पेड़ मां के नाम”, “फिट इंडिया” और “वोकल फॉर लोकल” जैसे जनआंदोलनों ने राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को नई ऊर्जा प्रदान की है।
वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा गया कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, बढ़ता विदेशी निवेश तथा विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते भारत की वैश्विक नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज विश्व के 177 देशों में मनाया जा रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक शक्ति और वैश्विक प्रभाव का प्रतीक है।
अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के विकास, सुशासन, जनकल्याण, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किए जाएंगे। विकसित भारत के निर्माण का संकल्प निरंतर आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक सशक्त स्थान प्राप्त करेगा। जनता का विश्वास ही मोदी सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर देश निरंतर अग्रसर है। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जनपद मऊ में इलेक्ट्रिक एवं डबल डेकर बस चलेंगी। इसके अलावा जनपद के घोसी, दोहरीघाट एवं मधुबन के बस अड्डा के जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए बजट जारी कर दी गई है।उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत लगातार सशक्त हो रहा है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रामाश्रय मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी श्री प्रवेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here